अपनी VicEmergency ऐप को कैसे सेट करें
VicEmergency ऐप आपको प्रभावित कर सकने वाली आपातस्थितियों के बारे में वास्तविक समय की जानकारी और चेतावनियाँ देती है।
इसमें आग, बाढ़, आंधी-तूफान, भूकंप, मौसम के बारे में चेतावनियाँ तथा और भी बहुत कुछ शामिल है।
आपके फोन पर VicEmergency ऐप और इसका उपयोग कैसे करें, इस बारे में जानकारी होना महत्वपूर्ण है।
VicEmergency ऐप अंग्रेज़ी में है।
यदि आप अंग्रेज़ी नहीं पढ़ सकते/ती हैं, तो आप 131 450 पर अनुवाद और दुभाषिया सेवा (टीआईएस [TIS]) को कॉल कर सकते/ती हैं।
ऐप डाउनलोड करें
आप अपने स्मार्ट फोन पर ऐप डाउनलोड कर सकते/ती हैं। इसका अर्थ है कि आप जहाँ भी हों, आपको एलर्ट मिल सकते हैं।
अपने Apple डिवाइसेज़ पर App Store से डाउनलोड करें
अपने Android डिवाइसेज़ पर Google Play से डाउनलोड करें
ऐप का उपयोग करना आसान है
ऐप को खोलने पर आपको विक्टोरिया का नक्शा दिखाई देगा।
नक्शे पर काले और सफेद आइकन होंगे। ये ट्रिपल ज़ीरो (000) पर की गई हरेक कॉल दर्शाते हैं। कभी-कभी एक घटना के लिए एक से अधिक आइकन भी होते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि बहुत से लोगों ने इसकी रिपोर्ट करने के लिए फोन किया है।
हरेक आइकन आपको बताता है कि यह किस प्रकार की घटना है। इस जानकारी का उपयोग करके तय करें कि क्या यह कुछ ऐसा है जिसके बारे में आपको जानकारी पाने और कदम उठाने की ज़रूरत है।
आपको ऐप में पीले, नारंगी या लाल आइकन और हाइलाइट किए गए क्षेत्र भी दिखाई दे सकते हैं। ये चेतावनियाँ हैं। इस पृष्ठ पर नीचे चेतावनी के 3 स्तर समझाए गए हैं।
एक प्रोफ़ाइल सेट अप करें
ऐप से अधिकतम लाभ उठाने के लिए अपनी प्रोफ़ाइल सेट अप करें।
आप बिना प्रोफ़ाइल के भी ऐप का उपयोग कर सकते/ती हैं, लेकिन इसे बनाने से आप अपने watch zones को सेव कर सकते/ती हैं और नोटिफिकेशन्स प्राप्त कर सकते/ती हैं।
अपनी प्रोफ़ाइल बनाने के लिए:
- ऐप का Menu (मेन्यु) खोलें और Create a Profile (प्रोफ़ाइल बनाएँ) चुनें।
- अपने विवरण और एक पासवर्ड एंटर करें।
जब आप दूसरे डिवाइसेज़ से भी VicEmergency ऐप में लॉग इन करेंगे/गी, तो आपकी सेटिंग्स सेव और लागू होंगी।
अपनी प्रोफ़ाइल में watch zones सेव करें
Watch zones आपके लिए मायने रखने वाले क्षेत्र होते हैं, जैसे आपका घर, कार्यस्थल, बच्चों का स्कूल या ऐसी कोई जगह, जहाँ आप जा रहे/ही हैं। आपके किसी watch zone में गतिविधि होने पर आपको एक नोटिफिकेशन मिलेगा।
Watch zone कैसे सेट करें:
- ऐप होम स्क्रीन खोलें और Create watch zone (नज़र रखने का क्षेत्र बनाएँ) चुनें।
- नक्शे पर वहाँ टैप करें जहाँ आप watch zone सेट करना चाहते/ती हैं, या कोई पता या सबर्ब खोजें।
- अपने watch zone को एक नाम दें।
- आप जिस क्षेत्र पर नज़र रखना चाहते/ती हैं, उस क्षेत्र का आकार चुनें। ग्रामीण या कंट्री क्षेत्रों में इसे कम से कम 10 किमी बनाएँ। शहर या शहरी क्षेत्रों में, 500 मीटर से लेकर 1 किमी के छोटे क्षेत्र बेहतर रहते हैं।
- उस तरह की घटनाएँ चुनें, जिनके बारे में आप नोटिफिकेशन्स प्राप्त करना चाहते/ती हैं। जब आपके watch zones में Emergency Warning (आपातकाल चेतावनी) या Watch and Act (देखें और कदम उठाएँ) चेतावनी जारी की जाएगी, तो आपको हमेशा एक नोटिफिकेशन मिलेगा।
चेतावनी दिए जाने पर क्या करें
जब कोई गंभीर घटना होती है, तो चेतावनी जारी की जा सकती है। चेतावनी को ध्यान से पढ़ें और इसमें सलाह दिया गया कदम उठाएँ।
यदि चेतावनी आपके watch zone के लिए है, तो आपको अपने फोन पर ऐप नोटिफिकेशन मिलेगा।
चेतावनी के 3 स्तर होते हैं। चेतावनियों को घटनाओं के जवाब में जारी किया जाता है। ये हमेशा ही कम गंभीर से अधिक गंभीर के क्रम में जारी नहीं की जाती हैं। कभी-कभी आपको मिलने वाली सबसे पहली चेतावनी सबसे अधिक गंभीर होती है।
आपातस्थितियों में उपयोग की जाने वाली चेतावनियाँ
चेतावनियाँ तब जारी की जाती हैं, जब किसी आपातस्थिति से आपके प्रभावित होने की संभावना रहती है।
ये आपको महत्वपूर्ण जानकारी देती हैं और आपको बताती हैं कि सुरक्षित रहने के लिए क्या करें।
ये चेतावनियाँ अंग्रेज़ी में होंगी। घटना की गंभीरता जानने के लिए चेतावनी के रंग का उपयोग करना आपके लिए सबसे अच्छा तरीका होता है।
यदि आपको अपने लिए किसी चेतावनी संदेश का अनुवाद चाहिए, तो 131 450 पर TIS को कॉल करें।
चेतावनी के 3 स्तर
ऑस्ट्रेलियाई चेतावनी प्रणाली में चेतावनियों के 3 अलग-अलग स्तर होते हैं:
पीला – Advice (सलाह)
पीले रंग की Advice चेतावनी आपको बताती है कि क्षेत्र में एक घटना हो रही है। यह आपको ऐसा भी बता सकती है कि खतरे की गंभीरता कम हो गई है।
नारंगी - Watch and Act (देखें और कदम उठाएँ)
नारंगी रंग की Watch and Act चेतावनी आपको बताती है कि नजदीक में एक आपातस्थिति विकसित हो रही है। अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए आपको कार्रवाई करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
लाल – Emergency Warning (आपातकाल चेतावनी)
लाल रंग की Emergency Warning का अर्थ है कि आप तत्काल खतरे में हैं। आपको अभी कदम उठाना होगा।
चेतावनी को पढ़ना
ऐप में नोटिफिकेशन खोलने पर आपको नक्शे पर एक रंग-कोडित चेतावनी आइकन और इससे मेल खाता हुआ एक रंगीन क्षेत्र दिखाई देगा, जो यह दिखाता है कि चेतावनी कहाँ लागू है।
चेतावनी को पढ़ने के लिए आइकन या रंगीन क्षेत्र पर टैप करें।
आपातस्थिति के बारे में और अधिक जानकारी के लिए More info (और अधिक जानकारी) चुनें।
सुरक्षित बने रहने के लिए चेतावनी में शामिल निर्देशों का हमेशा पालन करें।
चेतावनियों का क्रम
चेतावनियाँ किसी भी क्रम में आ सकती हैं। ये दर्शाती हैं कि वर्तमान स्थिति क्या है और आपको सुरक्षित बने रहने में अपनी सहायता के लिए क्या जानने की आवश्यकता है। ऐसा भी हो सकता है कि आपको सबसे पहले पीले रंग की Advice चेतावनी न मिले।
सबसे पहली चेतावनी Emergency Warning हो सकती है।
कोई भी चेतावनी आने पर इसे पढ़ें और यदि इसमें बताया जाए, तो कदम उठाएँ।
चेतावनियों में निर्देशों को समझना
हरेक चेतावनी में इस बारे में निर्देश शामिल होते हैं कि आपको क्या कदम उठाने की आवश्यकता है।
आपातस्थिति के प्रकार, परिस्थितियों और समुदाय के लिए खतरे के आधार पर ये निर्देश अलग-अलग हो सकते हैं।
सूचित बने रहें
पीले रंग की Advice चेतावनी का अर्थ है कि एक घटना शुरू हो गई है, लेकिन कोई तत्काल खतरा नहीं है। यदि आपको यह चेतावनी मिलती है, तो परिस्थिति बदलने की सूरत में आपको सूचित बने रहने की आवश्यकता है।
उदाहरण के लिए, आपको पीले रंग की Advice चेतावनी मिल सकती है, जो आपको Stay informed (सूचित बने रहें) बता रही है।
यदि यह चेतावनी आंधी-तूफान के कारण है, तो पीले रंग के चेतावनी आइकन में एक तूफानी बादल दिखाई देगा।
सूचित बने रहने का मतलब इस तरह की बातें हो सकती हैं:
- अपना फोन चार्ज करना
- अपनी कार को किसी कवर के नीचे और पेड़ों से दूर पार्क करना
- आउटडोर फर्नीचर को जगह पर बाँधना
- घर के अंदर रहना।
यदि यह चेतावनी बाढ़ के लिए है, तो पीले रंग के चेतावनी आइकन में बाढ़ के पानी के साथ एक घर दिखाई देगा। चेतावनी में आपको Prepare now (अभी तैयारी करें) बताया जा सकता है।
तैयारी करने में इस तरह की बातें शामिल हो सकती हैं:
- अपनी स्थानीय बाढ़ संदर्शिका देखना
- आप जो करेंगे/गी, उसके बारे में अपने परिवार, घरबार और पड़ोसियों से बात करना
- अपनी कार में आवश्यक वस्तुएँ पैक करना।
नजदीक में एक आपातस्थिति विकसित हो रही है
नारंगी रंग की Watch and Act चेतावनी का अर्थ है कि नजदीक में एक आपातस्थिति विकसित हो रही है। यदि आपको यह चेतावनी मिलती है, तो आपको अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए कदम उठाना शुरू करना होगा।
उदाहरण के लिए, आपको ‘Monitor conditions as they are changing’ (परिस्थितियों के बदलने के दौरान निगरानी करें) बताने वाली एक चेतावनी मिल सकती है।
यदि नारंगी रंग की चेतावनी बुशफायर के लिए है, तो इसमें ज्वाला का आइकन दिखाई देगा।
निगरानी करने में निम्नलिखित बातें शामिल हो सकती हैं:
- VicEmergency ऐप की नियमित जाँच करना
- अपने रेडियो को अपने आपातस्थिति ब्रॉडकास्टर पर ट्यून करना
- अपने पड़ोसियों से पूछकर सुनिश्चित करना कि वे जानते हैं कि क्या हो रहा है
- संकेतों या धुएं, राख या आग की लपटों के लिए बाहर देखना। यदि परिस्थितियाँ बिगड़ रही हैं, तो आपको अपनी आग योजना का उपयोग करना चाहिए और वहाँ से छोड़कर चले जाना चाहिए।
तुरंत चेतावनी निर्देशों का पालन करना
लाल रंग की Emergency Warning का अर्थ है कि आप तत्काल खतरे में हैं और आप आपातकाल से प्रभावित होंगे/गी। यदि आपको यह चेतावनी मिलती है, तो तुरंत निर्देशों का पालन करें क्योंकि कोई भी देरी होने से आपके जीवन को खतरा हो सकता है।
उदाहरण के लिए, यदि आग लगने पर आपको लाल रंग की Emergency Warning मिलती है जिसमें Take shelter now (तुरंत आश्रय लें) का निर्देश दिया गया है, तो इसका अर्थ है कि छोड़कर निकलना बहुत खतरनाक है।
आश्रय लेने में निम्नलिखित बातें शामिल हो सकती हैं:
- घर के अंदर जाना, सभी दरवाजे, खिड़कियाँ और वेंट बंद करना
- भारी कपास या ऊन जैसे सुरक्षात्मक कपड़े और कार्यस्थल के बूट पहनना
- किसी ऐसे कमरे में जाना, जहाँ बाधामुक्त निकास हो और बाहर की परस्थितियाँ दिखाई दें।
इस स्थिति से बचने के लिए हमेशा जल्दी छोड़कर निकलने की योजना बनाएँ। अग्निशामक दल आप तक पहुँचने में हमेशा सक्षम नहीं भी हो सकता है।
चेतावनियों को और इनका जवाब कैसे दें, यह समझना महत्वपूर्ण है। यदि लोगों को समय से पहले यह पता नहीं होता है कि क्या करना है, तो वे खतरे में पड़ सकते हैं और उनकी मृत्यु हो सकती है।
सामुदायिक सूचना
चेतावनी नक्शे पर सामुदायिक सूचना संदेश भी प्रदर्शित किए जाते हैं। इन संदेशों को नीले रंग में दिखाया जाता है और जब बहुत कम या कुछ भी खतरा नहीं होता है, तो इन्हें जारी किया जाता है। इनसे घटनाओं के बारे में विशिष्ट जानकारी और अपडेट्स मिलते हैं।
क्या आप आपातकाल के लिए तैयार हैं?
चेतावनियों को समझना आपातस्थिति के लिए तैयार रहने का सिर्फ एक ही अंश है।
VicEmergency ऐप और वेबसाइट आपको घटनाओं से पहले, उनके दौरान और उनके बाद की महत्वपूर्ण जानकारी देती है।
आपातस्थिति के लिए तैयार रहना हर किसी की जिम्मेदारी है:
- अपने परिवार के साथ एक योजना बनाएँ
- VicEmergency ऐप डाउनलोड करें और इसका उपयोग करने का तरीका जानें
- अपने स्थानीय खतरों से अवगत रहें।
Updated